सक्ति में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, घर के बाहर 3 राउंड फायरिंग

Oplus_16908288

CG Prime News@सक्ति.Young woman shot dead in Sakti; three rounds fired outside the house.छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक जोगरा गांव स्थित उसके घर पहुंचे और परिवार से युवती के बारे में पूछताछ की। जैसे ही युवती पूर्णिमा चौहान घर से बाहर निकली, आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। घटना के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना सक्ति थाना क्षेत्र की है।

परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिली। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

संदिग्धों की तलाश में नाकेबंदी, CCTV फुटेज की जांच

सक्ति पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध लोगों की जानकारी मिली है। आरोपियों की तलाश के लिए संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

चेहरा ढककर पहुंचे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से मृतका के घर पहुंचे थे। दोनों ने सफेद कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। एक युवक घर के भीतर जाकर पूर्णिमा के बारे में पूछने लगा। जैसे ही वह बाहर आई, उस पर लगातार तीन गोलियां चला दी गईं और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

निजी कंपनी में करती थी नौकरी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से एक निजी कंपनी में सेल्स विभाग में कार्यरत थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। पुलिस मृतका के व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related posts

दुर्ग में अंधे कत्ल का 6 घंटे में खुलासा: शराब पार्टी के विवाद में युवक की हत्या

BSP में लोहा चोरी के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, CISF DIG का दिल्ली ट्रांसफर 

रूंगटा यूनिवर्सिटी के फिल्म फेस्टिवल में पहुंची चक दे इंडिया की कोमल चौटाला