CG Prime News@रायपुर. रायपुर में शनिवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई स्थित साहू पारा में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार किया, जिसके चलते उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाद के बाद पत्नी और बच्चों पर हमला
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 34 वर्षीय भुनेश्वर साहू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला है और पिछले करीब दो वर्षों से डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 1:30 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान भुनेश्वर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने दो बेटों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) को भी निशाना बनाया। हमले में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर थी।
तीनों की मौत के बाद खुद को किया घायल
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुद पर भी चाकू से वार कर लिया। पड़ोसियों को जब घर में हुई घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। माना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को वहां दोनों बच्चे मृत मिले, जबकि महिला और आरोपी घायल अवस्था में थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने महिला को भी मृत घोषित कर दिया।
सब्जी मंडी में काम करता था परिवार
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि भुनेश्वर और उसकी पत्नी दोनों सब्जी मंडी में काम करते थे। करीब दो महीने पहले भुनेश्वर ने काम छोड़ दिया था। पड़ोसियों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को विवाद की एक वजह बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
घायल आरोपी को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।