दुर्ग में अंधे कत्ल का 6 घंटे में खुलासा: शराब पार्टी के विवाद में युवक की हत्या

CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नंदिनी नगर पुलिस ने अज्ञात युवक की हत्या की गुत्थी महज छह घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद 18 वर्षीय युवक की सब्बल से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी तालाब से बरामद किए गए हैं।

पानी टंकी के पास मिला था युवक का शव

पुलिस के अनुसार ग्राम डूमर के कोटवार ने सूचना दी कि गांव की पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन शरीर पर बने गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान 18 वर्षीय चेतन ठाकुर, निवासी ग्राम पथरिया के रूप में हुई।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद बना हत्या की वजह

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर तेजी से कार्रवाई की। जांच में पता चला कि घटना वाली रात चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देर रात करीब एक बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन के सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।

तालाब से बरामद हुआ हत्या का हथियार

हत्या के बाद आरोपी ने सब्बल और अपने खून लगे कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें घटना स्वीकार करने के बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद कर जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Related posts

रायपुर में ट्रिपल मर्डर: पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद पति ने खुद को चाकू मारा

दिल्ली के डिप्टी CM प्रवेश वर्मा ने बीच सड़क युवक को मारा थप्पड़, वीडियो से मचा बवाल

भिलाई नगर थाने में 343 दोपहिया वाहनों की ऑनलाइन नीलामी, पुलिस को मिले 12.26 लाख रुपये