BJP के पूर्व विधायक की पीट-पीटकर हत्या, क्रेशर प्लांट पर 70-80 लोगों के हमले का आरोप

BJP के पूर्व विधायक की पीट-पीटकर हत्या, क्रेशर प्लांट पर 70-80 लोगों के हमले का आरोप

CG Prime News@राजस्थान. राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की कथित मारपीट में मौत हो गई। घटना रविवार शाम भौंडा गांव स्थित उनके क्रेशर प्लांट की है। हमले में उनके सहयोगी गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर 35 से 40 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में लगी है।

क्रेशर प्लांट पर पहुंचते ही हमले का आरोप

पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश के मुताबिक, अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम करीब 6:30 बजे भौंडा गांव स्थित अपने क्रेशर खनन लीज प्लांट पर पहुंचे थे। इसी दौरान 70 से 80 लोगों ने उनके पति और वहां मौजूद अन्य लोगों पर हमला कर दिया। घटना के समय प्लांट में लगभग 20 से 25 कर्मचारी काम कर रहे थे। हमले में भड़ाना को गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया।

SMS अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

अतर सिंह भड़ाना को रविवार रात करीब 11:30 बजे जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के अनुसार, उनकी हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकीय जानकारी के मुताबिक, उनके सिर में गंभीर चोट थी और हाथ-पैर में फ्रैक्चर भी मिले। सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिवार के सदस्य पार्थिव शरीर लेकर हरियाणा के फरीदाबाद जिले स्थित पैतृक गांव पाली के लिए रवाना हो गए, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाना है।

पुलिस ने गठित की टीमें, FSL जांच जारी

पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रेशर क्षेत्र में ग्रामीणों और लीज संचालक व कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया फायरिंग की घटना सामने नहीं आई है। हालांकि, घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में टीमें गठित कर कुछ संदिग्धों को पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। नदबई थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजनों की शिकायत पर 35 से 40 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच वैर थाना प्रभारी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

भिलाई में चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, गोदाम से मिली थी रेलवे पटरी की कटिंग

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप निलंबित, शासन की कार्रवाई

डिप्टी कलेक्टर पर 3 करोड़ दहेज मांगने का आरोप, पत्नी बोली-प्री मैच्योर बेबी के साथ मायके छोड़ा