CG Prime News@दुर्ग. सेल्फ ड्राइव के लिए किराये पर ली गई स्कोडा रैपिड कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दो लाख रुपये हर्जाने की मांग को लेकर युवकों को कथित तौर पर जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने और मारपीट करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पदमनाभपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चार लग्जरी वाहनों को भी जब्त किया है। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
सेल्फ ड्राइव वाहन हुआ था दुर्घटनाग्रस्त
पुलिस के मुताबिक कर्मचारी नगर, दुर्ग में सेल्फ ड्राइव टूर एंड ट्रेवल्स के संचालक द्वारा कार और अन्य चारपहिया वाहन किराये पर उपलब्ध कराए जाते हैं। करीब एक महीने पहले प्रार्थिया के वयस्क पुत्र और उसके साथियों ने एक वाहन सेल्फ ड्राइव के लिए किराये पर लिया था। इस दौरान स्कोडा रैपिड वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
दो लाख रुपये हर्जाने की मांग का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार 6 अगस्त को ऋषि बघेल उर्फ राज अपने साथी प्रियांशु मंडल के साथ एक्सयूवी-500 वाहन से बोरसी सोसायटी चौक स्थित महावीर ग्राउंड के पास पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवकों को जबरन वाहन में बैठाकर अंगोरा स्थित एक मार्ट के सामने ले गए। वहां स्कोडा रैपिड की मरम्मत के हर्जाने के रूप में दो लाख रुपये की मांग की गई और युवकों के साथ मारपीट की गई।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की रिपोर्ट 7 अगस्त को पदमनाभपुर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 460/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ऋषि बघेल उर्फ राज और प्रियांशु मंडल की पहचान की। दोनों को 11 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
चार वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों से चार वाहन जब्त किए हैं। इनमें डिजायर क्रमांक CG 10 AX 3249, ऑडी क्रमांक CG 04 DQ 1000, स्कोडा रैपिड क्रमांक CG 13 U 2251 और एक्सयूवी-500 क्रमांक CG 12 C 3930 शामिल हैं। इन सभी वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।