CG Prime News@सरगुजा. BJP MLA beats Naib Tehsildar along with supporters in sarguja छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के ऊपर नायब तहसीलदार को पीटने का गंभीर आरोप लगा है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने सीतापुर विधायक और उनके समर्थकों समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। मिली जानकारी के अनुसार विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन ने भी नायब तहसीलदार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
नायब तहसीलदार ने पीटने और कपड़े फाडऩे का लगाया आरोप
राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर पीटने और कपड़े फाडऩे का आरोप लगाया है। वहीं विधायक की बहन ने भी तहसीलदार पर अभद्रता का आरोप लगाया है।
भाजपा विधायक ने समर्थकों के साथ नायब तहसीलदार को पीटा, FIR दर्ज
विधायक समर्थक सीतापुर थाने के सामने धरने पर बैठ गए
इस मामले पर विधायक राम कुमार टोप्पो ने कहा कि बहन के साथ तहसीलदार ने दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद समर्थकों ने आक्रोश जाहिर किया। उन्होंने मारपीट नहीं की है। इसके बाद विधायक और अन्य पर FIR दर्ज करने के खिलाफ विधायक समर्थक सीतापुर थाने के सामने धरने पर बैठ गए। विधायक समर्थकों ने FIR वापस लेने की मांग की है।
विधायक समेत 10 पर FIR
इस मामले में दोनों पक्ष पर काउंटर FIR हुई है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। शासकीय काम में बाधा डालने सहित मारपीट की धारा लगाई गई है।
इसमें रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 221, 221(1),132,191(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, MLA की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक पर भी मामला दर्ज हुआ है।
24 घंटे में गिरफ्तारी होनी चाहिए
इधर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक समेत अन्य आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी होनी चाहिए। गिरफ्तारी नहीं होने पर कल से प्रदेशभर के तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को फाइल जमा किया था। आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक और बाबू कई दिनों से उसे काम के लिए दफ्तर के चक्कर लगवा रहे थे। बुधवार (27 मई) को भी वह अपने काम के सिलसिले में उप तहसील कार्यालय पहुंचीं थीं।
साइन करने कहा तो भड़के अफसर
सीमा धनकी ने आरोप लगाया है कि, नायब तहसीलदार तुषार मानिक से उन्होंने फाइल पर साइन करने के लिए कहा तो वे भड़क गए और कहा कि तुम होती कौन हो? हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली। जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। इसके बाद उसे तहसील से बाहर करने के लिए भी कहा गया। इसकी जानकारी सीमा धनकी ने विधायक रामकुमार टोप्पो को दी तो विधायक के समर्थक उप तहसील पहुंच गए।
विधायक टोप्पो ने किनारे बुलाया, मारपीट की
आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीदार को वापस राजापुर बुलाया। नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ SDM फागेश सिन्हा भी राजापुर पहुंचे। नायब तहसीलदार तुषार मानिक से विधायक रामकुमार टोप्पो ने बहन से अभद्र व्यवहार करने को लेकर पूछा। तुषार मानिक ने कहा कि अभद्रता नहीं की गई है, वे तुरंत हस्ताक्षर करने के लिए कह रही थीं, उन्हें कल बुलाया गया है। तुषार मानिक ने कहा कि इतना कहते ही विधायक के समर्थकों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें किनारे बुलाया और मारपीट की। बीच-बचाव में एसडीएम फागेश सिन्हा आए और उन्हें बचाकर बाहर निकाला।