Durg: मालवाहक गाडिय़ों की बैटरी चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 15 बैटरी जब्त

Durg: गाडिय़ों की बैटरी चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 15 बैटरी जब्त

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में घरों के बाहर खड़े ऑटो और मालवाहक वाहनों से बैटरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। सुपेला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न कंपनियों की 15 बड़ी वाहन बैटरियां बरामद की हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज बना पुलिस की जांच का अहम आधार

पुलिस के अनुसार, फरीद नगर निवासी कलीम खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ऑटो (CG-07-T-2874) घर के बाहर खड़ा था। 30 जुलाई 2026 की सुबह वाहन की बैटरी गायब मिली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक अज्ञात युवक रात करीब 2:50 बजे बैटरी निकालकर ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में कई वारदातें कबूलीं

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर इमरान कुरैशी (29 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने फरीद नगर, मुरम खदान, निजामी चौक और आसपास के इलाकों में कई ऑटो एवं टाटा-एस वाहनों से बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

15 चोरी की बैटरियां बरामद, पहले से भी दर्ज हैं मामले

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न कंपनियों की 15 बड़ी वाहन बैटरियां बरामद कर जब्त कीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी चोरी के मामले न्यायालय में लंबित हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सुपेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों को राहत

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से जांच कर चोरी की श्रृंखलाबद्ध घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और सतर्क पुलिसिंग के कारण क्षेत्र में सक्रिय वाहन बैटरी चोर को पकड़ने में सफलता मिली, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Related posts

जेल से रिहा होकर कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचा, बोला-साहब मेरा आधार, वोटर ID बनवा दीजिए

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, शहजाद भट्टी नेटवर्क आतंकी संगठन घोषित

झीरम घाटी हत्याकांड में 10 दोषियों को फांसी की सजा, 13 साल बाद NIA कोर्ट का फैसला