MP में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की टिकट कटने पर हिंसा, SP समेत 8 घायल

दतिया उपचुनाव में टिकट बदलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच प्रशासन ने जिले में धारा 163 लागू की।

CG Prime News@दतिया.By-election for the Datia Assembly seat in Madhya Pradesh मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी की घोषणा के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। पार्टी ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। शुक्रवार शाम इस घोषणा के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान पथराव, चक्काजाम और पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं सामने आईं। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पूरे जिले में धारा 163 लागू

बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह पूरे दतिया जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी। आदेश के तहत बिना अनुमति किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है। साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

MP में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की टिकट कटने पर हिंसा, SP समेत 8 घायल

पथराव में पुलिस अधिकारी सहित कई घायल

जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव में पुलिस अधीक्षक (SP), एसडीओपी (SDOP) और आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, नरोत्तम मिश्रा के कुछ समर्थकों के भी घायल होने की सूचना है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बताया गया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय में खुद को बंद कर लिया था, जिन्हें प्रशासन की समझाइश के बाद बाहर निकाला गया।

भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को रोका गया

बड़ौनकलां क्षेत्र में जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियातन दतिया स्थित भाजपा कार्यालय में मौजूद करीब 250 कार्यकर्ताओं को अंदर ही रोक दिया। कार्यालय के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और पूरे क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई।

नरोत्तम मिश्रा बोले- पार्टी का फैसला स्वीकार

टिकट नहीं मिलने के बाद भोपाल पहुंचे पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पार्टी के निर्णय का वह सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि टिकट कटने के बाद किसी वरिष्ठ नेता का फोन नहीं आया, लेकिन नाराज कार्यकर्ताओं को समझाया जाएगा और सभी मिलकर पार्टी के लिए काम करेंगे।

डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा

दतिया में बढ़ते असंतोष को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने डैमेज कंट्रोल की रणनीति शुरू कर दी है। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को विशेष विमान से ग्वालियर भेजा गया है। वहां से तीनों नेता सड़क मार्ग से दतिया पहुंचकर नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे तथा संगठन में व्याप्त असंतोष को दूर करने का प्रयास करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भरोसा जताते हुए कहा कि भाजपा दतिया उपचुनाव में भी जीत दर्ज करेगी। वहीं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि भाजपा में टिकट बदलने की कोई परंपरा नहीं है।

 

Related posts

दुर्ग में कोटवारी भूमि बेचने वाले 29 कोटवारों पर कार्रवाई

त्योहारी सीजन में सोने के दाम में गिरावट, चांदी फिर हुई महंगी

भीषण सड़क हादसा, इलेक्ट्रिक बस ने ट्रक को मारी टक्कर, 6 की मौत