CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कुम्हारी पुलिस ने अटल आवास इलाके में दबिश देकर गांजा बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 लाख 98 हजार 975 रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को थाना कुम्हारी को सूचना मिली थी कि अटल आवास स्थित मकान नंबर 320 में एक व्यक्ति गांजा रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने जानकारी की तस्दीक की और गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रेम कुमार साहू (30 वर्ष) को पकड़ा। वह दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
किराये के मकान से गांजा बरामद
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी अटल आवास में किराये के मकान का इस्तेमाल गांजा रखने और संभावित ग्राहकों को बेचने के लिए कर रहा था। पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कुम्हारी थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 293/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई शुरू की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुम्हारी उप निरीक्षक पारस सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ठाकुर, परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक गंगासागर पात्र समेत आरक्षक विकास शेंडे, सचिन ठाकुर, दिलीप हरदे और कमल परगनिहा की भूमिका रही।