CG Prime News@कोलंबो.India Sri Lanka Test Series 2026 भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच हुई तीखी झड़प पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कार्रवाई की है। ICC ने दोनों खिलाड़ियों को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी माना है।ICC के फैसले के मुताबिक, यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर उनकी मैच फीस का 25-25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा दोनों खिलाड़ियों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है।
विकेट के बाद बढ़ा था विवाद
यह घटना टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में हुई। असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट किया। इसके बाद जायसवाल गेंदबाज की ओर बढ़े और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मामला उस समय और बढ़ गया, जब फर्नांडो ने अपना सिर जायसवाल की ओर आगे किया। इसके जवाब में जायसवाल नीचे झुके और इस दौरान दोनों के सिर आपस में टकरा गए। स्थिति बिगड़ती देख श्रीलंका के अन्य खिलाड़ियों ने फर्नांडो को अलग किया और विवाद को शांत कराया।
दोनों खिलाड़ियों ने स्वीकार की गलती
ICC के अनुसार, जायसवाल और फर्नांडो ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। दोनों ने मैच रेफरी और ICC एलीट पैनल के एंडी पायक्रॉफ्ट की ओर से प्रस्तावित सजा भी स्वीकार कर ली। खिलाड़ियों के दोष स्वीकार करने और सजा मानने के बाद मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
क्या है ICC का आर्टिकल 2.12?
दोनों खिलाड़ियों को ICC Code of Conduct के Article 2.12 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या मैच से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है। पहली बार इस नियम के उल्लंघन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट का प्रावधान है। ICC ने बताया कि जायसवाल और फर्नांडो, दोनों का पिछले 24 महीनों में यह पहला अपराध था। इसी वजह से दोनों को निर्धारित न्यूनतम सजा दी गई।