कटोरा तालाब स्पा फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

सिविल लाइन पुलिस ने स्पा सेंटर में हवाई फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को 2 घंटे में गिरफ्तार किया।

रायपुर | सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब इलाके में संचालित एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर में हवाई फायरिंग की घटना सामने आई। दुकान बंद होने के बाद स्पा खुलवाने को लेकर हुए विवाद के दौरान दो आरोपियों ने शराब के नशे में हंगामा करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

दुकान बंद होने के बाद पहुंचकर किया विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे दो अज्ञात व्यक्ति कटोरा तालाब स्थित महिला संचालिका के ब्यूटी पार्लर एवं स्पा पहुंचे। उस समय दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ घर जा चुका था। संचालिका द्वारा स्पा बंद होने की जानकारी देने पर आरोपी शराब के नशे में बहस करने लगे।

लाइसेंसी पिस्टल से की हवाई फायरिंग

विवाद के दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। संचालिका ने अगले दिन थाना सिविल लाइन में इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई।

2 घंटे में पुलिस ने दबोचा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी की और मात्र दो घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल तथा एक एयर गन बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष) — निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), पेशा: प्राइवेट पीएसओ

  2. अंगद सिंह (33 वर्ष) — निवासी आदर्श नगर, मोवा (रायपुर), पेशा: ड्राइवर

पुलिस जांच जारी

पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा फायरिंग के कारणों और हथियार के उपयोग संबंधी वैधानिक पहलुओं की जांच जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related posts

Breaking: दुर्ग जिले में गांजा बेचने वाले तस्कर की 8 करोड़ की कृषि भूमि फ्रीज

भिलाई में हेरोइन का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

सूटकेस में गौमांस की तस्करी, बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास मां-बेटी गिरफ्तार