भिलाई सड़क हादसा: तेज रफ्तार ने छीनी युवक की जान
भिलाई। Durg Road Accident: Youth killed after being hit by unidentified vehicle; driver flees. दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ेः भिलाई में वाहन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 3 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
पोटिया नाला के पास हुआ हादसा
पुलगांव थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:20 बजे बजरंग चौक निवासी शुभम साहू (24) अपने एक मित्र के साथ बाइक से पोटिया की ओर से पुलगांव जा रहा था। दोनों जैसे ही पोटिया नाला के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
सिर से गुजर गई पहिया मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक चला रहे शुभम सड़क पर गिर पड़े, जबकि पीछे बैठा युवक सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे वाहन का पहिया शुभम के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका साथी गंभीर दुर्घटना के बावजूद सुरक्षित बच गया।
चालक वाहन सहित मौके से फरार
घटना की सूचना पर पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर थाना परिसर में रखा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
परिवार में मातम, लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
युवक की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना या संदिग्ध वाहन को देखा हो तो तत्काल पुलगांव थाना को सूचना दें, जिससे आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।