CG Prime News@दिल्ली. Parliament Monsoon Session 2026 संसद के मानसून सत्र के 12वें दिन मंगलवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में भारी हंगामा देखने को मिला। विपक्षी दलों के विरोध और नारेबाजी के कारण लोकसभा की कार्यवाही केवल 19 मिनट चल सकी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही भी कई बार स्थगित करनी पड़ी। शोर-शराबे के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने टैक्सेशन एंड अदर्स लॉ (संशोधन) बिल सदन में पेश किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
संसद में राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर घमासान: लोकसभा 19 मिनट और राज्यसभा बार-बार स्थगित
लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, 19 मिनट में स्थगित हुई कार्यवाही
दोपहर 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर नारेबाजी करने लगे। पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने सांसदों से अपनी सीटों पर बैठने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा। इसी बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने टैक्सेशन एंड अदर्स लॉ (संशोधन) बिल पेश किया। लगातार व्यवधान के कारण कार्यवाही मात्र 16 मिनट बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में खड़गे ने उठाए सवाल
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया था और उसे 70 एकड़ से अधिक भूमि सौंपी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट से जुड़े कैश, चढ़ावा, गहनों और जमीन के मामलों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। खड़गे ने पूछा कि इस मामले में ईडी, सीबीआई (CBI) और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां क्या कर रही हैं तथा सरकार को संसद में इसका जवाब देना चाहिए।
रिजिजू का पलटवार, विपक्ष पर साधा निशाना
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण का पहले विरोध किया था और मंदिर बनने पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि वही दल अब इस मुद्दे पर “घड़ियाली आंसू” बहाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि विपक्ष पहले भगवान राम के अपमान के लिए देश से माफी मांगे, उसके बाद सरकार से जवाब मांगे।
राज्यसभा भी कई बार हुई स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के कारण आधे घंटे के भीतर स्थगित करनी पड़ी। दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन करीब 20 मिनट बाद फिर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। दोपहर बाद भी हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही अगले दिन सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।