Durg: कार के दरवाजों में गुप्त चेंबर बनाकर 14.5 किलो गांजे की तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार

कुम्हारी थाना पुलिस ने की कार्रवाई, पकड़ा 7,25,000 रुपए का गांजा

CG Prime News@दुर्ग. Durg: 14.5 kg of Ganja Smuggled in Car; Two Accused Arrested दुर्ग पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के विरुद्ध सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। एक क्रेटा कार के चारों दरवाजों में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से 14.5 किलो गांजा बरामद किया। वहीं गांजा तस्करी करने वाले ओडि़शा और छत्तीसगढ़ के एक-एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कुम्हारी थाना पुलिस ने बताया कि तस्करों ने कार के दरवाजों के अंदर गांजा छिपाकर ऊपर से फाइबर शीट चिपकाई थी। जो खुली आंखों से दिखाई नहीं देता था। पुलिस की सतर्कता और बारीकी से की गई जांच में तस्करों की हाईटेक तस्करी का तरीका बेनकाब हुआ।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

कुम्हारी थाना पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ओडिशा की ओर से एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा परिवहन कर महासमुंद, रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बिक्री के लिए लाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना कुम्हारी और एसीसीयू/क्राइम टीम दुर्ग द्वारा संयुक्त रूप से घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश की जा रही थी।

गुप्त चेंबर बनाया था कार में

इसी दौरान कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग के समय रायपुर की ओर से आती हुई क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908 को रोककर जांच की गई। प्रारंभिक निरीक्षण में वाहन से गांजे की गंध आने पर पुलिस टीम द्वारा अत्यंत सूक्ष्मता एवं बारीकी से वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान यह तथ्य सामने आया कि तस्करों ने वाहन के चारों दरवाजों के अंदर स्थित खाली स्थान को विशेष रूप से गुप्त चेंबर के रूप में तैयार कर रखा था।

फाइबर की परत चिपकाई थी

इन चेंबरों में गांजा छिपाकर रखा गया था। ऊपर से फाइबर की परत चिपका दी गई थी। जिससे सामान्य निरीक्षण और खुली आंखों से देखने पर गांजा दिखाई नहीं देता था। पुलिस टीम ने अपनी सूझबूझ, अनुभव और बारीकी से की गई जांच के आधार पर इन गुप्त चेंबरों का पता लगाकर उनमें छिपाकर रखा गया कुल 14.5 किलोग्राम गांजा कीमती कुल 7,25,000 रुपए बरामद किया।

दुर्ग-भिलाई में बिक्री के लिए ला रहे थे गांजा

वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम तीरथा ठेला पिता लक्ष्मीधर ठेला, उम्र 36 वर्ष, निवासी अचलपुर, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा), किशन जगत पिता महेश जगत, उम्र 35 वर्ष, निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग (छ.ग.)बताया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में अवैध बिक्री हेतु ला रहे थे।

पहले भी गांजा लाकर खपाया था

आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस से बचने के उद्देश्य से वाहन के दरवाजों में विशेष रूप से गुप्त स्थान तैयार कर गांजा छिपाया गया था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों द्वारा पूर्व में भी इस प्रकार गांजा परिवहन किया जा चुका है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलोग्राम गांजा, क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908 और कैश 22,000 रुपए, मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

आरोपियों को किया गिरफ्तार

आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

1. तीरथा ठेला पिता लक्ष्मीधर ठेला, उम्र 36 वर्ष, निवासी अचलपुर, पोस्ट तूक्ला, थाना राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा)
2. किशन जगत पिता महेश जगत, उम्र 35 वर्ष, निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग (छ.ग.)

जप्त सामग्री

14.5 किलोग्राम गांजा
क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908,
कैश- 22,000 रुपए
मोबाइल फोन जप्त जुमला कीमती लगभग 17,77,000 रुपए

Related posts

अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा: रडार और ड्रोन ठिकानों पर हमले, लेबनान में भी अलर्ट

कॉकरोच इज बैक, पार्टी के फाउंडर अभिजीत ने भारत लौटने का किया ऐलान

कलेक्टर, SP पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन, बोले- ये ठीक नहीं है