निवेश पर ज्यादा मुनाफे का दिया भरोसा
भिलाई। Accused arrested for swindling ₹18.63 lakh by promising profits in forex trading. फॉरेक्स ट्रेडिंग और प्रशिक्षण संस्थान में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर 18.63 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी मीनल चौहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह भी पढ़ेः 4 हजार में महिला को होटल ले गया, मारपीट कर 99 हजार लेने का दावा
21.96 लाख रुपये देने की शिकायत
पुलिस के अनुसार अक्षय राठौर ने 18 सितंबर 2026 को थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान मीनल चौहान से हुई थी। इसके बाद उसे रायपुर के करेंसी टावर, वीआईपी चौक में Finvision और Finvision Training Institute शुरू करने की जानकारी दी गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, संस्थान के संचालन और विभिन्न खर्चों के लिए दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से 21,96,675 रुपये उपलब्ध कराए गए। इनमें स्टाफ का वेतन, कार्यालय किराया, मेंटेनेंस, विज्ञापन और सोशल मीडिया प्रचार सहित अन्य खर्च शामिल थे।
18.63 लाख रुपये बकाया होने का आरोप
शिकायत के अनुसार, दी गई रकम में से करीब 3.33 लाख रुपये वापस किए गए। इसके बाद 18,63,675 रुपये की राशि बकाया रह गई। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि उसे संस्थान के संचालन और ट्रेडिंग से मुनाफा मिलने का भरोसा देकर रकम ली गई थी।
सुपेला पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1389/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मीनल चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक कार जब्त की गई है। मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच जारी है। पुलिस उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने निवेशकों को किया सतर्क
पुलिस ने अपील की फॉरेक्स ट्रेडिंग, निवेश या किसी व्यवसाय में पैसा लगाने से पहले संस्था की पंजीयन की जांच करें। अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन रकम ट्रांसफर न करें। बैंक रिकॉर्ड, भुगतान संबंधी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखें। ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। थाना सुपेला टीआई एसएन सिंह, एएसआई राजेश तिवारी, आरक्षक गौरव दुबे और किशोर भगत की भूमिका रही।