रेलवे नौकरी के नाम पर 7 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 7 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

भिलाई. थाना छावनी क्षेत्र में रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹7 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपराध करना स्वीकार कर लिया है।

पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

प्रार्थिया सरोज पटेल (43 वर्ष), निवासी प्रगति नगर कैंप-1, भिलाई ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पायल पांडे एवं सिद्धमून उर्फ लाल पांडे ने उनके पुत्र पीयूष पटेल को रेलवे में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर ₹7,00,000 की राशि ले ली। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर ठगी का एहसास होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026 धारा 318(4), 296 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

रीवां से गिरफ्तार किए गए आरोपी

जांच के दौरान आरोपियों के मध्यप्रदेश के रीवां जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। थाना छावनी पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर भिलाई लाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की, जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

दस्तावेज और साक्ष्य जब्त

प्रकरण में पुलिस द्वारा ठगी से संबंधित दस्तावेज एवं नगद लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि संभावित अन्य पीड़ितों की जानकारी भी सामने आ सके।

पुलिस की अपील – नौकरी के नाम पर न दें पैसा

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी नौकरी या भर्ती के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। भर्ती प्रक्रिया केवल आधिकारिक माध्यमों से होती है। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार