CG Prime News@दुर्ग. durg IT park inauguration CM vishnu deo sai 2026 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले को तकनीकी विकास और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए सिविल लाइन्स स्थित अत्याधुनिक IT पार्क का लोकार्पण किया। जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने आईटी पार्क का उद्घाटन कर इसे युवाओं के लिए नए अवसरों का केंद्र बताया।
लगभग 3,900 वर्ग मीटर भूमि पर निर्मित इस आईटी पार्क का कुल निर्मित क्षेत्रफल 2,907.26 वर्ग मीटर है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस परिसर में 40 बड़े ऑफिस रूम, पांच विशाल हॉल, मैस और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। पूरी तरह बाउंड्रीवॉल से सुरक्षित परिसर में आईटी कंपनियों के संचालन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है।
हजारों युवाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आईआईटी भिलाई और राज्य शासन के सहयोग से तैयार किया गया यह आईटी पार्क प्रदेश के युवाओं के लिए तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर लेकर आया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की गई घोषणा आज पूरी हो गई है और इसका लाभ आने वाले वर्षों में हजारों युवाओं को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में 40 आईटी कंपनियां यहां कार्यरत हैं, जबकि भविष्य में 100 से अधिक कंपनियों ने यहां संचालन शुरू करने में रुचि दिखाई है। इससे दुर्ग-भिलाई क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख तकनीकी और नवाचार केंद्र के रूप में विकसित होगा।
IIT भिलाई और सरकार की साझेदारी का परिणाम
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि आईटी पार्क की स्थापना से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र डिजिटल अर्थव्यवस्था और तकनीकी नवाचार का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि आईआईटी भिलाई और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच हुए समझौते के तहत इस परियोजना को विकसित किया गया है। शुरुआती चरण में 40 कंपनियों ने संचालन शुरू करने की सहमति दी है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में परिसर का विस्तार कर 100 से अधिक कंपनियों और स्टार्टअप्स को यहां स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और उद्यमिता के अवसर मिलेंगे।
तकनीकी निवेश को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों के अनुसार आईटी पार्क की शुरुआत से जिले में तकनीकी निवेश, स्टार्टअप संस्कृति और डिजिटल उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को महानगरों की ओर पलायन किए बिना अपने क्षेत्र में ही रोजगार और करियर के अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा आईआईटी भिलाई के अधिकारियों की उपस्थिति रही।