लखीसराय में मंदिर के पास भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, 23 से ज्यादा घायल

CG Prime News@लखीसराय.Lakhisarai Ashokdham Temple incident बिहार के लखीसराय में सोमवार को अशोकधाम मंदिर के पास भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। इनमें 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर घायलों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। हादसे के बाद मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई, जहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पोल गिरने के बाद फैली करंट की अफवाह

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया था। इसके बाद वहां यह अफवाह फैल गई कि लोगों के ऊपर बिजली की चालू लाइन का तार गिर गया है। प्रशासन के अनुसार, वह बिजली का तार नहीं बल्कि केबल वायर यानी डिश/इंटरनेट का तार था।

अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुरुषों की ओर से बढ़ा भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन की तरफ चला गया, जिससे कई महिलाएं एक-दूसरे पर गिर गईं। इसी दौरान कई लोग दबकर घायल हो गए।

चार मृतकों की पहचान

हादसे में मृत 7 महिलाओं में से चार की पहचान कर ली गई है। इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी और हेमलता देवी तथा मुंगेर की रिंकू देवी शामिल हैं। प्रशासन की ओर से अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालुओं के अनुसार, दर्शन के लिए काफी भीड़ थी। इसी दौरान पोल गिरने और करंट लगने की बात तेजी से फैल गई। लोगों के भागने से बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ा और स्थिति बेकाबू हो गई।

राष्ट्रपति और पीएम ने जताया दुख

लखीसराय हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि अफवाह की वजह से यह घटना हुई।

Related posts

रक्षाबंधन से पहले भिलाई में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस चल रही मिठाई फैक्ट्री सील

सरगुजा में बोरे में बंद मिली दंपती की लाश, बड़ा बेटा हुआ घर से फरार

झारखंड सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा की रद्द, इधर सफल अभ्यर्थियों का विरोध