CG Prime News@भिलाई. भिलाई में सोमवार देर रात सेक्टर-5 स्थित जेपी चौक के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के कर्मचारी श्याम राव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज दुर्ग जिला अस्पताल में जारी है। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
नाइट शिफ्ट पर जाने से पहले हुआ हादसा
मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी श्याम राव के रूप में हुई है, जो भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सोमवार को वे अपने दो साथियों के साथ मरोदा स्थित अपने ससुराल गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्हें नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर जाना था। रात में तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-5 के जेपी चौक के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम राव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दो युवक गंभीर रूप से घायल
हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेजा गया। श्याम राव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाईवा चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। घायलों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इस घटना से खुर्सीपार क्षेत्र में शोक का माहौल है और BSP कर्मियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।