CG Prime News@रायपुर. Shravani Mela Baba dham Special Train 2026 श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के मध्य साप्ताहिक श्रावणी मेला विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 5-5 फेरों के लिए संचालित की जाएगी, जिससे रायपुर और दुर्ग के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
1 अगस्त से शुरू होगी विशेष सेवा
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 08895 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन 1 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी। ट्रेन सुबह 4:30 बजे इतवारी से प्रस्थान करेगी और गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ तथा ब्रजराजनगर होते हुए अगले दिन सुबह 6:00 बजे मधुपुर पहुंचेगी। रायपुर स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह 9:30 बजे पहुंचेगी और 9:35 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि दुर्ग स्टेशन पर सुबह 8:35 बजे पहुंचेगी और 8:37 बजे रवाना होगी।
वापसी में रविवार को चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 08896 मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी साप्ताहिक विशेष ट्रेन 2 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार को मधुपुर से सुबह 9:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया होते हुए अगले दिन सुबह 11:50 बजे इतवारी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन रायपुर स्टेशन पर सुबह 5:20 बजे पहुंचेगी और 5:25 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि दुर्ग स्टेशन पर सुबह 6:20 बजे पहुंचेगी और 6:22 बजे रवाना होगी।
20 कोचों के साथ मिलेगी यात्रा सुविधा
इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान, 4 सामान्य श्रेणी तथा 2 एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज एवं दिव्यांगजन) कोच शामिल होंगे। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे श्रावणी मेला के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से अवश्य प्राप्त करें तथा सुरक्षित यात्रा के लिए रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें।