BSP स्क्रैप चोरी मामला: गिरोह का छठा आरोपी सुपरवाइजर गिरफ्तार

CG Prime News@दुर्ग. जिले की पुरानी भिलाई पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (bhilai Steel plant) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। मामले में सांई एसोसिएट के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह इस मामले का छठा गिरफ्तार आरोपी है।

मुख्य आरोपी के निर्देश पर होती थी स्क्रैप की लोडिंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि फरार मुख्य आरोपी संजय सिंह के निर्देश पर घनश्याम गुप्ता, रविंद्र साहू और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मैग्नेटिक क्रेन की मदद से बीएसपी का लौह स्क्रैप चोरी करता था। चोरी किए गए लोहे को फ्लू डस्ट परिवहन करने वाले वाहनों में लोड कर बाहर भेजा जाता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गतिविधि पिछले चार से पांच महीनों से लगातार संचालित की जा रही थी।

छापेमारी में मिला भारी मात्रा में चोरी का माल

26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स एवं स्क्रैप यार्ड में छापेमारी की। जांच के दौरान कई हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लौह प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी मिली। मौके से जेसीबी, हाइड्रा, चेन माउंटिंग मशीन तथा अन्य लोडिंग उपकरण भी बरामद किए गए, जिनका उपयोग स्क्रैप को वाहनों में भरने और परिवहन के लिए किया जा रहा था।

90 लाख का स्क्रैप और करोड़ों की संपत्ति जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लगभग 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, जब्त वाहनों और मशीनरी सहित कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंका गया है।

अब तक छह आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पहले चिंतानंद साहू, जितेश वर्मा, मिथेन ठाकुर, निर्मल सिंह और रविंद्र साहू को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में घनश्याम गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुरानी भिलाई थाना में अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।

Related posts

BSP में चोरी का लोहा लोड करने वाला क्रेन ऑपरेटर गिरफ्तार

कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन, DK शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री, 3 जून को शपथ ग्रहण

बंगाल में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी से मारपीट, कपड़े फाड़े, चोर-चोर के नारे लगाए