समाधान अभियान: 417 गुम मोबाइल रिकवर, ₹63 लाख की बड़ी सफलता

समाधान अभियान में रिकवर किए गए मोबाइल उनके मालिकों को सौंपते पुलिस अधिकारी

समाधान अभियान से आम जनता को राहत

बलौदाबाजार। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “समाधान अभियान” के अंतर्गत गुम हुए मोबाइल फोनों की बड़ी रिकवरी करते हुए 417 नग मोबाइल बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 63 लाख रुपये बताई जा रही है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर चलाया गया।

कई जिलों और राज्यों से हुई रिकवरी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं निरीक्षक प्रणाली वैद्य के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दर्ज गुम मोबाइल रिपोर्टों पर लगातार प्रयास करते हुए यह सफलता हासिल की। रिकवरी अभियान के दौरान जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सूरजपुर एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित अन्य जिलों से मोबाइल बरामद किए गए।
इसके साथ ही महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश एवं बिहार जैसे अन्य राज्यों से भी गुम मोबाइल ट्रेस कर रिकवर किए गए।

मोबाइल मालिकों को लौटाए गए फोन

दिनांक 03 फरवरी 2026 को पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर, जिन्हें उम्मीद भी नहीं थी, उन सभी नागरिकों ने बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

साइबर ठगी से बचाव पर जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा साइबर ठगी के नए तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने आम जनता से अपील की कि लावारिस मोबाइल मिलने पर उसे तुरंत पुलिस को सौंपें और बिना रसीद के सस्ते मोबाइल खरीदने से बचें।

पहले भी मिली थी बड़ी सफलता

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी इसी तरह के विशेष अभियान के तहत लगभग 96 लाख रुपये मूल्य के 640 गुम मोबाइल रिकवर किए गए थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि समाधान अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।

Related posts

1 मई से कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा, छोटू सिलेंडर 261 रुपये महंगा

पूर्व CM भूपेश बघेल ने बोरे बासी खाकर श्रमिकों को दी शुभकामनाएं

जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरी क्रूज डूबी, 9 लोगों की मौत, 4 पर्यटक लापता