गुप्त चेंबर पिकअप से 4 करोड़ कैश बरामद, रायपुर से नागपुर जा रही थी रकम

खुर्सीपार में वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप के गुप्त चेंबर से बरामद 4 करोड़ रुपये की नकदी।

भिलाई/दुर्ग। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। वाहन के पिछले हिस्से को मॉडिफाई कर उसमें गुप्त चेंबर बनाया गया था। पुलिस ने चेंबर की तलाशी लेकर भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा जब्त की। मामले में वाहन सवार दो लोगों से पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ेः IIT भिलाई का छठा दीक्षांत समारोह: कृति अरोड़ा और निधि सिंह ने जीते गोल्ड मेडल

वाहन चेकिंग के दौरान रोका पिकअप

एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे डबरापारा, थाना खुर्सीपार के पास वाहन चेकिंग की गई।

इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोका गया। प्रारंभिक जांच में वाहन का पिछला हिस्सा सामान्य नहीं मिला। इसे मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था।

गुप्त चेंबर में छिपी थी करोड़ों की रकम

पुलिस टीम ने वाहन की सघन तलाशी ली। जांच के दौरान मॉडिफाइड हिस्से के भीतर एक गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर पुलिस को उसमें छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में नकदी मिली। गिनती के बाद बरामद रकम 4 करोड़ रुपये बताई गई है। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने वाहन और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है।

दो लोगों से पूछताछ

वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। अब जांच का मुख्य बिंदु नकदी का स्रोत और उसका वास्तविक स्वामित्व है। इसके साथ ही रकम को किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

आयकर विभाग को दी जा रही सूचना

पुलिस ने मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नकदी के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी जा रही है। फिलहाल दोनों व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही करोड़ों रुपये की नकदी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Related posts

Shah Rukh Khan की ‘किंग’ का नया पोस्टर जारी, क्रिसमस पर होगा बड़ा मुकाबला

फिल्मी स्टाइल में जेल से फरार हुए 17 कैदी, मिर्गी के दौरे का नाटक, 9 जेलकर्मी सस्पेंड

Breaking: रायपुर, दुर्ग में ED रेड, दिवाली से पहले छापा, मचा हड़कंप