भिलाई। Meenal Chauhan remanded to two-day police custody; more secrets likely to emerge in forex trading scam. फॉरेक्स ट्रेडिंग और प्रशिक्षण संस्थान के जरिए निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 18.63 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी मीनल चौहान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ेः रेण नदी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, दशहरा देखने आए थे मौसी के घर
21.96 लाख रुपए दिए, 18.63 लाख बकाया
पुलिस को अक्षय राठौर ने बताया कि दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच संस्थान के विभिन्न खर्चों के लिए कुल 21 लाख 96 हजार 675 रुपए दिए गए थे। इनमें से करीब 3 लाख 33 हजार रुपए वापस किए गए। इसके बाद 18 लाख 63 हजार 675 रुपए की राशि बकाया रह गई। सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद आरोपी मीनल चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
नागपुर से हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले आरोपी मीनल चौहान को नागपुर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। अब जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने कोर्ट से आरोपी की दो दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है।
संस्थान और कथित नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार मीनल चौहान ने रायपुर के करेंसी टावर, वीआईपी चौक में फिनविजन और फिनविजन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के नाम से फॉरेक्स एवं ट्रेडिंग प्रशिक्षण संस्थान शुरू किया था। पुलिस अब संस्थान के संचालन, लेन-देन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पूछताछ में सामने आ सकते हैं कई नाम
पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इसी आधार पर रिमांड के दौरान आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित लेन-देन में और कौन लोग शामिल थे और रकम का इस्तेमाल या हस्तांतरण किस तरह किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में एक पुलिसकर्मी की कथित भूमिका और संस्थान से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। हालांकि, इन पहलुओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस का फोकस आरोपी से पूछताछ, वित्तीय लेन-देन की पड़ताल और संभावित सहयोगियों की पहचान पर है। दो दिन की रिमांड पूरी होने के बाद जांच की दिशा और स्पष्ट होने की उम्मीद है।