CG Prime News@दुर्ग.CG Government Food Grain PDS Rice दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के सरकारी चावल के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय सोहन चेलक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के राजीव नगर स्थित मकान की तलाशी के दौरान 60 बोरियों में करीब 24 क्विंटल शासकीय चावल बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, यह खाद्यान्न पात्र राशन कार्डधारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित किया जाना था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चावल को अवैध तरीके से खरीदा-बेचा और अदला-बदली कर मकान में जमा किया गया था।
खाद्य निरीक्षक की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
मामले की शुरुआत खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर की शिकायत से हुई। उनके द्वारा 25 सितंबर 2026 को प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर वैशाली नगर थाने में अपराध क्रमांक 374/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मकान की तलाशी ली, जहां बड़ी मात्रा में चावल रखा मिला। बरामद खाद्यान्न की पहचान नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक से कराई गई। जांच में चावल के शासकीय खाद्यान्न होने की पुष्टि हुई।
PDS के चावल की खरीद-बिक्री का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली से पात्र हितग्राहियों को मिलने वाले शासकीय खाद्यान्न को अवैध तरीके से खरीदने-बेचने और उसकी अदला-बदली कर अपने घर में भंडारण करने का आरोप है। पुलिस ने बरामद 60 बोरी यानी 24 क्विंटल चावल को जब्त कर लिया है। आरोपी को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी से पहले उसे BNSS की धारा 47 के तहत नोटिस देकर कार्रवाई और गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी गई।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला
पुलिस के अनुसार सोहन चेलक के खिलाफ पहले भी दुर्ग जिले के पुलगांव थाने में अपराध दर्ज हो चुका है। अपराध क्रमांक 151/2022 में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 186, 294, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज होना बताया गया है।