CG Prime News@रायगढ़. Raigarh Professor Kidnapping case छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर के अपहरण और जबरन UPI ट्रांजैक्शन कराने का मामला सामने आया है। इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर को चार युवकों ने पकड़ लिया और चाकू की नोक पर उनके मोबाइल के पासवर्ड हासिल किए। इसके बाद Google Pay और BHIM ऐप के जरिए करीब 1 लाख रुपए एक खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
वॉक के दौरान प्रोफेसर को बनाया बंधक
ग्राम जकेला निवासी डॉ. कपूरचंद गुप्ता (47) डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे वे डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास टहल रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और पेट व गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाइक से उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी ले जाया गया, जहां एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
पासवर्ड लेकर कराए UPI ट्रांजैक्शन
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट कर मोबाइल, Google Pay और BHIM ऐप के पासवर्ड हासिल किए। इसके बाद एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगाया गया। आरोपियों ने प्रोफेसर के बैंक खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई और करीब 1 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन लिमिट पूरी होने तक पैसे भेजे गए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर को घर फोन करने के लिए मजबूर किया। उनसे परिवार को यह बताने को कहा गया कि वे सुरक्षित हैं, ताकि अपहरण की जानकारी तत्काल न हो सके।
परिजनों ने लोकेशन से बचाई जान
प्रोफेसर के परिजनों को फोन पर बातचीत के दौरान संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर उनकी लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रोफेसर को कमरे से सुरक्षित बाहर निकाला।
एक आरोपी हिरासत में, बाकी की तलाश
पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी। करीब 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण और UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।जिस महिला के खाते में रकम भेजी गई थी, पुलिस ने उससे संपर्क कर ट्रांसफर की गई राशि को सुरक्षित कराया है। पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करना है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।