CG Prime News@रायपुर. Raipur Raksha Bandhan Chief Minister Vishnu Deo Sai राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को रक्षाबंधन का पर्व भावनाओं और देशसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया। ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चियों ने CISF, BSF और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपना भाई बनाया।
रायपुर में 800 जवानों की कलाई पर बंधी राखी, शहीद की पत्नी ने CM साय को बनाया भाई
CM साय बोले- आज मुझे मिली एक बहन
राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि माधुरी वर्मा के रूप में आज उन्हें एक बहन मिली है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और वे भाई-भाई हैं, लेकिन आज उन्हें सगी बहन से भी बढ़कर एक बहन मिली है। मुख्यमंत्री ने इस भावनात्मक पल को रक्षाबंधन की खास याद बताया।
जवानों के साहस को किया नमन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों के संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जवानों ने जिस साहस के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है, उसका सकारात्मक असर अब बस्तर में दिखाई दे रहा है। बहनों ने भी जवानों के योगदान को देश और प्रदेश के लिए सबसे बड़ा उपहार बताया।
बस्तर में तेज होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर में विकास की गति प्रभावित रही, लेकिन अब सरकार वहां विकास कार्यों को तेजी देने पर काम कर रही है। बेहतर सुविधाओं और विकास योजनाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
CM साय ने बताया कि प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जाने की जानकारी भी दी गई।
दिव्यांग बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को खास बनाया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।