CG Prime News@भिलाई. Bhilai शहर के सूर्या TI मॉल स्थित एक स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने औचक कार्रवाई की। मॉल के सेकंड फ्लोर पर स्थित स्पा सेंटर में पुलिस टीम ने पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान वहां युवतियों समेत कुछ अन्य लोग मौजूद मिले, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकाला। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने की अचानक जांच
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर को लेकर अवैध गतिविधियों की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई ASP सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर की गई। टीम में भिलाई नगर CSP निशांत पाठक और DSP IUCAW भारती मरकाम भी शामिल रहे।
इसके अलावा सुपेला थाना प्रभारी SN सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी की टीम ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया। पुलिस ने स्पा सेंटर के अंदर मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई और पूरे परिसर की जांच की।
बिजली-पानी बंद होने के बावजूद अंदर मिले लोग
मॉल प्रबंधन के मुताबिक, जिस स्थान पर स्पा सेंटर संचालित था, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है। प्रबंधन ने वहां बिजली और पानी की सप्लाई बंद किए जाने की जानकारी दी। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई के दौरान परिसर के अंदर युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले।
7-8 युवतियों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर मिली युवतियों की भूमिका और संलिप्तता की जांच की। जांच के बाद करीब 7-8 युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई की गई। इसका उद्देश्य भविष्य में किसी संदिग्ध या अवैध गतिविधि में दोबारा संलिप्तता रोकना है।
स्पा सेंटरों पर जारी रहेगी सख्त चेकिंग
भिलाई नगर CSP निशांत पाठक ने कहा कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे स्थानों पर पुलिस की चेकिंग और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फिलहाल किसी अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शिकायतों के आधार पर जांच और निगरानी जारी रहेगी।