CG Prime News@दिल्ली.Ankit Baliyan Murder Case UP हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या में शामिल बताए जा रहे दो शूटरों को मार गिराया। मृतकों की पहचान सोनीपत निवासी सुमित (24) और मोहित (22) के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे
शामली SP नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने के बाद पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरियाणवी सिंगर की हत्या करने वाले दो शूटर्स का पुलिस ने किया एनकाउंटर, दोनों हुए ढेर
दोनों पर दर्ज थे कई आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार, सुमित और मोहित दोनों सोनीपत के रहने वाले थे। सुमित पर एक और मोहित पर करीब 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सिंगर अंकित बालियान की हत्या की थी। इस मामले में सत्यम और आर्यन नाम के दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जिम से निकलते ही अंकित पर बरसाई थीं गोलियां
26 अगस्त की शाम 32 वर्षीय सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करने के बाद बाहर निकले थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया गया कि हमलावरों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाई थीं। गंभीर रूप से घायल अंकित को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
DGP बोले-पुलिस की पहुंच से दूर नहीं
उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई है। हत्या की साजिश में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका सामने लाई जाएगी और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से बाहर बैठकर अपराध की साजिश रचने वाले लोग भी पुलिस की पहुंच से बाहर नहीं हैं। DGP के मुताबिक, बाहर से शूटर बुलाने, गैंगवार या अन्य अपराध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस जांच में हरियाणा और दिल्ली पुलिस ने भी यूपी पुलिस का सहयोग किया है।
2 लाख का इनाम
DGP ने कहा कि पुलिस सिर्फ शूटर्स तक सीमित नहीं रहेगी। साजिश रचने वालों के साथ हथियार और अन्य मदद उपलब्ध कराने, रेकी कराने और आरोपियों को छिपाने में मदद करने वालों की भी पहचान की जाएगी। इस कार्रवाई के लिए शामली पुलिस और STF को 2 लाख रुपए का इनाम दिया गया है।
पिता बोले- अभी आधा इंसाफ मिला
अंकित बालियान के पिता सतबीर ने पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अभी आधा इंसाफ मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फरार दोनों आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई होगी। परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा जताया है।