CG Prime News@कोरिया/बैकुंठपुर. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। छात्रावास अधीक्षक के पद पर नियुक्ति कराने का झांसा देकर एक सफाई कर्मचारी से 13 लाख 69 हजार रुपए लेने के आरोप में पुलिस ने महिला और उसके पिता को गिरफ्तार किया है। महिला अंबिकापुर पुलिस लाइन में रहने वाले एक आरक्षक की पत्नी बताई गई है, जिसकी पदस्थापना आईजी कार्यालय में है। मामले में भाजपा नेता डॉ. प्रकाश अनंत समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला के खिलाफ सोनहत थाना क्षेत्र में भी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
किश्तों में लिए 13.69 लाख रुपए
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आमापारा निवासी संतोष कुमार सारथी ने आरोप लगाया कि अनुराधा भगत और उसके साथियों ने उसे छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इस बहाने आरोपियों ने 16 अप्रैल 2024 से 28 मार्च 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में उससे 13 लाख 69 हजार रुपए ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर संतोष ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद उसे झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
महिला और उसके पिता गिरफ्तार, अन्य की तलाश
पुलिस ने अनुराधा लकड़ा (32) और उसके पिता जोखनलाल (61) को गिरफ्तार किया है। अनुराधा पुलिस लाइन अंबिकापुर की निवासी है, जबकि उसके पिता बैकुंठपुर की बाबू कॉलोनी में रहते हैं। मामले में डॉ. प्रकाश अनंत और अन्य संबंधित आरोपियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3), 61(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
आबकारी आरक्षक भर्ती के नाम पर भी ठगी के आरोप
सोनहत थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने के दो अन्य मामले भी सामने आए हैं। रजौली निवासी आशुक कुमार ने शिकायत में बताया कि आबकारी आरक्षक भर्ती के लिए आवेदन करने के बाद उसकी पहचान भाजपा नेता विक्की सारथी के माध्यम से अनुराधा भगत से हुई थी। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उससे किश्तों में करीब 3 लाख रुपए लिए गए।
इसी तरह बोडार निवासी विद्यासागर से भी आबकारी आरक्षक के पद पर नियुक्ति का झांसा देकर 2 लाख रुपए लेने का आरोप है। इन शिकायतों के आधार पर अनुराधा भगत, डॉ. प्रकाश अनंत और विक्की सारथी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इन मामलों में दर्ज शिकायतों की जांच कर रही है। नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर ली गई रकम और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।