CG Prime News@दुर्ग. शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग में मरीज के परिजन से रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मोबाइल मांगकर बैंक खाते से 1.48 लाख रुपए से अधिक की रकम निकालने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से कुल 1,48,301 रुपए की धोखाधड़ी की। ठगी की रकम से आरोपी ने सोने का मंगलसूत्र, घड़ी और पावर बैंक खरीदा था।
पिता के इलाज के दौरान अस्पताल में मौजूद था पीड़ित
पुलिस के अनुसार ग्राम महमरा निवासी कुलेश्वर निषाद के पिता का उपचार शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग में चल रहा था। पिता की देखभाल के लिए कुलेश्वर अस्पताल में मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचा और रिश्तेदार को फोन करने की बात कहकर मोबाइल मांग लिया। पीड़ित ने मदद के उद्देश्य से अपना मोबाइल आरोपी को दे दिया। मोबाइल मिलने के बाद आरोपी वहां से चला गया। इसके बाद उसने मोबाइल का दुरुपयोग करते हुए पीड़ित के बैंक खाते से 1,48,301 रुपए की रकम धोखाधड़ी से निकाल ली।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
बालोद जिले से आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम कमलजीत बांदे उर्फ कमल (29 वर्ष) निवासी ग्राम तमोरा, थाना रानचिरई, जिला बालोद बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया।
55,700 रुपए की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया सोने का मंगलसूत्र, घड़ी, पावर बैंक और मोबाइल फोन बरामद किया। इसके अलावा 20,200 रुपए नकद भी जब्त किए गए। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 55,700 रुपए बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।