दुर्ग में 4 करोड़ का हवाला पकड़ाया, चरोदा में पिकअप से मिले नोटों के बंडल

चरोदा के पास पिकअप वाहन की तलाशी में बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद जांच करती पुलिस।

भिलाई। दुर्ग पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चरोदा के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। सूत्रों के मुताबिक रकम करीब 4 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। बरामद नकदी के स्रोत और लेन-देन की जांच के लिए अब आयकर विभाग को सौपा जाएगा।

यह भी पढ़ेः भिलाई में एयर गन दिखाकर आहाता के गल्ले से लूट, आरोपी गिरफ्तार

कुम्हारी टोल प्लाजा से शुरू हुआ पीछा

पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर के अभनपुर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में नकदी पिकअप वाहन में लोड की गई है। रकम को नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई थी। सूचना के बाद एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई।

टीम को कुम्हारी टोल प्लाजा के पास तैनात किया गया। संदिग्ध पिकअप के पहुंचते ही पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान वाहन से एक व्यक्ति के भाग निकलने की जानकारी सामने आई। हालांकि पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा और चरोदा के पास पिकअप को रोक लिया।

पिकअप में बनाया गया था अलग चेंबर

तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन में बनाए गए एक अलग चेंबर से नोटों के बंडल मिले। बड़ी मात्रा में नकदी देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। इसके बाद मौके पर संबंधित विभाग को सूचना दी गई। पुलिस का दावा है कि दुर्ग जिले से कोई भी अवैध गतिविधयां नहीं होगी। जिले की सिमावर्ती इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की टीम अलर्ट है।

मशीन से हुई नोटों की गिनती

पुलिस ने बरामद रकम की सूचना आयकर विभाग को दी। इसके बाद नोटों की गिनती मशीन से कराई गई। सूत्रों के अनुसार गिनती में करीब 4 करोड़ रुपए की नकदी सामने आई है। हालांकि रकम की अंतिम पुष्टि और उसके स्रोत से जुड़ी जानकारी आयकर विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ में रकम को रायपुर से लोड किए जाने और नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आने की जानकारी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और रकम से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

प्रोटेक्शन की भी सामने आई जानकारी

सूत्रों के मुताबिक इस नकदी को सुरक्षित तरीके से दुर्ग से राजनांदगांव की ओर निकालने के लिए स्थानीय स्तर पर एक गैंगस्टर की ओर से प्रोटेक्शन की व्यवस्था किए जाने की चर्चा थी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

फिलहाल मामला आयकर विभाग को सौंप जा रहा है। बरामद रकम हवाला कारोबार से जुड़ी है या किसी अन्य वैध-अवैध लेन-देन का हिस्सा है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। दुर्ग पुलिस की अब तक की बड़ी नकदी बरामदगी में इसे महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Related posts

भिलाई में एयर गन दिखाकर आहाता के गल्ले से लूट, आरोपी गिरफ्तार

IIT भिलाई का छठा दीक्षांत समारोह: कृति अरोड़ा और निधि सिंह ने जीते गोल्ड मेडल

शराब तस्करी मामले में दो आरोपित दोषी, दो-दो साल की सजा