पहली सैलरी से विधायक रिकेश सेन ने ई-रिक्शा खरीदकर गुरुद्वारा को किया समर्पित

गुरुद्वारा के लिए ई-रिक्शा

बाबाधाम की गलियों में कीचड़ से बचाने रबर मैट बिछवाने भी दान किया अपना विधायक मानदेय

@CG Prime News @R.Sharma

भिलाई. वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अपनी पहली सैलरी से एक ई-रिक्शा खरीदकर रविवार को गुरुद्वारा प्रबंध समिति को समर्पित किया। इस ई-रिक्शा का इस्तेमाल दुर्ग-भिलाई में जरूरतमंदों के लिए शव फ्रीजर को लाने और ले जाने के लिए किया जाएगा। बता दें कि विधायक सेन ने अपनी दूसरी, तीसरी और चौथी सैलरी को झारखंड बैजनाथ धाम मंदिर प्रांगण की गलियों में रेड कार्पेट मैट बिछवाने के लिए बाबाधाम ट्रस्ट को दान दिया है।

रविवार को नेहरू नगर गुरूद्वारा में प्रबंध समिति को ई रिक्शा समर्पित करते हुए विधायक रिकेश सेन ने कहा कि अमूमन देखने में आता है कि हमारे युवा साथी अपनी पहली सैलरी से डिस्को, पब में पार्टी कर खर्च करते हैं। युवाओं से आग्रह है कि वो ऐसे काम में अपनी पहली सैलरी का कुछ हिस्सा अवश्य लगाएं, जो मानव सेवा के लिए हो। उन्होंने कहा कि जब वे पहली बार पार्षद बने थे तो उन्होंने अपना पहला मानदेय अपने माता-पिता को समर्पित किया था। अब उनके माता-पिता इस दुनिया में नहीं हैं इसलिए विधायक बनते ही उन्होंने अपना पहला विधायक मानदेय शव फ्रीजर लाने-ले जाने के लिए आवश्यक वाहन को खरीदने में लगाया है। यह वाहन आज जनसेवार्थ गुरूद्वारा समिति को समर्पित करने में उन्हें जो आत्मसंतुष्टि मिली है, उसका अनुभव क्षेत्र के युवाओं को भी अवश्य लेना चाहिए। सेन ने बताया कि बैजनाथ धाम में उनके द्वारा समर्पित की गई मानदेय राशि से स्पेशल मैट बिछवाने का कार्य शुरू हो गया है। यहां देश भर से श्रावण महीने में श्रद्धालु जल चढ़ाने आते हैं। बैजनाथ धाम मंदिर की गलियों में पानी और कीचड़ से भक्तों को चलने में असुविधा होती थी, जिसे ध्यान रखते हुए उन्होंने तीन माह का विधायक मानदेय बैजनाथ धाम ट्रस्ट को समर्पित किया है ताकि इन गलियों में स्पेशल रबर मैट कार्पेट बिछवाया जा सके। यह कार्य मंदिर ट्रस्ट के अधीन प्रारंभ हो चुका है।

Related posts

स्कूल-कॉलेज के सामने हेरोईन बेचते युवक गिरफ्तार, दुर्ग में 1.36 लाख की नशीली टेबलेट जब्त

NEET पेपर लीक पर PM मोदी का बड़ा ऐलान, दोषियों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएगी सरकार

दुर्ग में अतिथि शिक्षकों के धरने पर पुलिस कार्रवाई, टेंट हटाए, 50 शिक्षक बसों में ले गए