DUSU Election Result: ABVP ने 3 पद जीते, निर्दलीय दीपांशु शौकीन बने उपाध्यक्ष

DUSU Election Result: ABVP ने 3 पद जीते, निर्दलीय दीपांशु शौकीन बने उपाध्यक्ष

CG Prime News@दिल्ली. Delhi University Student Union Election 2026 दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों पर जीत दर्ज की है। ABVP के यश डबास अध्यक्ष, रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव चुने गए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल की। कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI को केंद्रीय पैनल के किसी भी पद पर सफलता नहीं मिली।

17 साल बाद केंद्रीय पैनल में निर्दलीय की जीत

DUSU के केंद्रीय पैनल में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत लंबे अंतराल के बाद हुई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, करीब 17 साल बाद किसी निर्दलीय उम्मीदवार ने केंद्रीय पैनल में जगह बनाई है। इससे पहले 2009 में निर्दलीय मनोज चौधरी और 1991 में निर्दलीय राजीव गोस्वामी DUSU अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे।

बस कंडक्टर के बेटे हैं दीपांशु शौकीन

नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष दीपांशु शौकीन दिल्ली के पीरागढ़ी के रहने वाले हैं। उनके पिता बस कंडक्टर और मां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने भगत सिंह कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। बताया गया कि उनके पिता चाहते थे कि वह UPSC की तैयारी करें, लेकिन शौकीन ने छात्र राजनीति को अपना रास्ता चुना। शौकीन ने शुरुआत में NSUI से टिकट मांगा था। उन्होंने संगठन समर्थित उम्मीदवार के रूप में नामांकन भी दाखिल किया था। हालांकि बाद में उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए कहा गया। शौकीन ने नामांकन वापस नहीं लिया और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे।

52 कॉलेजों में हुआ मतदान

DUSU चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के 52 कॉलेजों और फैकल्टी में मतदान हुआ। कुल 1,51,519 मतदाताओं में से 61,312 छात्रों ने वोट डाला। इस तरह मतदान प्रतिशत 40.46% रहा।

DU के 91 कॉलेज, लेकिन सभी नहीं करते मतदान

दिल्ली यूनिवर्सिटी में नॉर्थ और साउथ कैंपस समेत कुल 91 कॉलेज हैं। हालांकि DUSU चुनाव में सभी कॉलेजों के छात्र सीधे मतदान नहीं करते। चुनाव प्रक्रिया में 52 कॉलेज और फैकल्टी ही हिस्सा लेते हैं। सेंट स्टीफंस, लेडी श्री राम कॉलेज और जीसस एंड मैरी जैसे प्रमुख कॉलेज DUSU की प्रत्यक्ष मतदान व्यवस्था में शामिल नहीं हैं।

Related posts

भिलाई की मयुरा कंपनी में हादसा, लोहे की प्लेट गिरने से 55 वर्षीय मजदूर की मौत

सारंगढ़ में आवारा कुत्ते का आतंक, 31 लोगों को काटा, बच्चे-महिलाएं और बुजुर्ग बने शिकार 

बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत