CG Prime News@सरगुजा. Three people killed by lightning in Sarguja. छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका है और इसके साथ ही मौसम से जुड़ी घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र स्थित डुमकी गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
अस्पताल में भर्ती कराया गया है
जानकारी के अनुसार, पांच वर्षीय सागर और नौ वर्षीय रानी आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। उनके साथ 12 वर्षीय श्रद्धा भी मौजूद थी। इसी दौरान गांव का 36 वर्षीय राम साय अपने मवेशी चराते हुए वहां पहुंचा। अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों आ गए। हादसे में सागर, रानी और राम साय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिलासपुर में तेज आंधी और बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव
बिलासपुर में सोमवार शाम तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कलेक्टर बंगले के पास एक विशाल पेड़ सड़क किनारे खड़ी कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हुआ मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 22 जून को दंतेवाड़ा जिले से छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था। इसके बाद मानसून की गतिविधियां लगातार बढ़ती गईं। 30 जून तक उत्तर और उत्तर-पूर्व छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में भी मानसून पूरी तरह पहुंच गया है। इन इलाकों में पहले से प्री-मानसून की बारिश हो रही थी, लेकिन अब नियमित मानसूनी वर्षा शुरू हो गई है।
अगले चार दिनों तक सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।