बीएसपी कॉपर चोरी गिरोह का सरगना गिरफ्तार

भिलाई स्टील प्लांट कॉपर वायर चोरी मामले में गिरफ्तार सरगना

भिलाई।(BSP) भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह के सरगना एवं निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई CISF इकाई भिलाई स्टील प्लांट की लिखित रिपोर्ट के आधार पर की गई है। मामले में चोरी गया लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर एवं घटना में प्रयुक्त वाहन पहले ही जप्त किया जा चुका है।

CISF की सूचना पर दर्ज हुआ प्रकरण

दिनांक 03 फरवरी 2026 को CISF द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में सूचना दी गई कि भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र अंतर्गत जलभवन के पीछे स्थित प्रोपेन प्लांट क्षेत्र से कॉपर वायर चोरी की घटना सामने आई है। सूचना के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पहले आरोपी से खुला गिरोह का राज

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी संतोष निषाद (35 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी शत्रुघन धनकर एवं अन्य के साथ मिलकर भिलाई स्टील प्लांट की बाउंड्री वॉल पार कर अंदर प्रवेश करने की बात स्वीकार की। आरोपियों द्वारा हुंडई सेंट्रो कार (CG-04-E-9100) में लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर लोड कर चोरी की जा रही थी, जिसे CISF ने मौके पर पकड़ लिया था।

सरगना शत्रुघन धनकर गिरफ्तार

प्रकरण की आगे की जांच में पुलिस ने तांबा तार चोरी गिरोह के सरगना एवं निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर (43 वर्ष), निवासी संगम चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग को 06 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया है।

जप्त सामग्री का विवरण

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,36,500 है, तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई सेंट्रो कार जप्त की गई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह चौधरी, आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, जयनारायण यादव एवं राकेश प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

पारिवारिक विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, पुलिस को करता रहा गुमराह

घर में 50 से ज्यादा कुत्ते, आतंक से परेशान लोगों ने कलेक्टर से लगाई मदद की गुहार

नारायणपुर में ईसाई धर्म मानने वाले 26 परिवारों को गांव से बाहर निकाला, फोर्स तैनात