CG Prime News@पीथमपुर/इंदौर. Kanwar Yatra accident Pithampur इंदौर के पास पीथमपुर में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो 200 से अधिक कांवड़ियों के जत्थे में जा घुसी। हादसे में 26 कांवड़िए घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से 3 घायलों की स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
पीछे से आई स्कॉर्पियो ने कांवड़ियों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे की है। विजय श्री हनुमान कांवड़ यात्रा बोकेश्वर से इंदिरामा की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई स्कॉर्पियो कांवड़ियों के जत्थे में घुस गई। वाहन की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद यात्रा में शामिल लोगों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
कांवड़ियों के जत्थे में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, 26 घायल, गुस्साई भीड़ ने वाहन फूंका
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
कांवड़ यात्रा के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से पीथमपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 3 घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो में लगाई आग
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो को आग के हवाले कर दिया। बताया गया कि दुर्घटना के बाद ड्राइवर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
13 घायलों के नाम सामने आए
हादसे में घायल 13 लोगों की पहचान शैलेश (रवीन्द्र), आशा, लक्ष्मी, प्रकाश (नन्दराम), गोलू (मुन्नालाल), दीपक, पवन, ऋषिका, विशाल, शुभम, कैलाश, लालू और खुशी के रूप में हुई है। अन्य घायलों की पहचान और उनकी स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।