कंगना ने Gen Z को कहा जनरेशन गटर, सोनू सूद बोले-यह बहुत शर्मनाक

कंगना ने Gen Z को कहा जनरेशन गटर, सोनू सूद बोले-यह बहुत शर्मनाक सोच

CG Prime News@मुंबई. अभिनेता Sonu Sood ने छात्र प्रदर्शनों में शामिल युवाओं पर Kangana Ranaut की विवादित टिप्पणी की आलोचना की है। हाल ही में कंगना ने प्रदर्शनकारी Gen-Z छात्रों को “जनरेशन गटर” कहा था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनू सूद ने कहा कि यदि उन्होंने ऐसा कहा है, तो यह बेहद शर्मनाक है। मीडिया से बातचीत में सोनू ने कहा कि उन्होंने कंगना का पूरा बयान नहीं सुना है, लेकिन किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति को बयान देते समय शब्दों का चयन बहुत सोच-समझकर करना चाहिए।

कंगना ने Gen Z को कहा जनरेशन गटर, सोनू सूद बोले-यह बहुत शर्मनाक सोच

‘युवा ही कलाकारों को स्टार बनाते हैं’

सोनू सूद ने कहा कि देश के युवा ही किसी कलाकार को लोकप्रिय बनाते हैं और उसे सफलता के शिखर तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक जनता और युवा आपके साथ खड़े रहते हैं, तब तक आपका सफर आगे बढ़ता रहता है। यदि उनका समर्थन खत्म हो जाए तो किसी भी कलाकार के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना चाहिए और समाज के हर वर्ग का सम्मान करना चाहिए।

‘तोल-मोल के बोल’ की दी सलाह

सोनू सूद ने मशहूर कहावत “तोल-मोल के बोल” का जिक्र करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को बोलने से पहले उसके प्रभाव के बारे में जरूर सोचना चाहिए। उनके मुताबिक जनता भगवान का दूसरा रूप होती है और उसका सम्मान करना हर सार्वजनिक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में संवाद और मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन भाषा ऐसी होनी चाहिए जो सम्मानजनक और संतुलित हो।

क्या था कंगना रनोट का विवादित बयान?

पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब कंगना रनोट ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर छात्र प्रदर्शनों में शामिल कुछ युवाओं की आलोचना करते हुए उन्हें “जनरेशन गटर” कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे युवा नशे और शराब का महिमामंडन करते हैं, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं हैं और अपने माता-पिता पर निर्भर रहते हुए स्वतंत्रता की मांग करते हैं। कंगना ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि असली आजादी जिम्मेदारी और मेहनत से हासिल होती है। उन्होंने कुछ युवाओं के व्यवहार और सामाजिक सोच पर भी तीखी टिप्पणी की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर व्यापक बहस छिड़ गई।

कंगना ने Gen Z को कहा जनरेशन गटर, सोनू सूद बोले-यह बहुत शर्मनाक सोच

कंगना ने मीडिया पर लिखा था,

सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात युवा हिंदू महिलाओं का व्यवहार है। वे स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की जिंदगी की नकल करना चाहती हैं, लेकिन उस आजादी को कमाना नहीं चाहतीं। जो महिलाएं वास्तव में स्वतंत्र होती हैं, वे विद्रोही फैसले लेती हैं, बेबाक राय रखती हैं, परंपराओं से हटकर करियर चुनती हैं और अपने हर फैसले की जिम्मेदारी भी खुद उठाती हैं, क्योंकि वे अपने दम पर जीवन जीती हैं। वे यह सब अपने माता-पिता या परिवार की कीमत पर नहीं करतीं। यह तथाकथित पश्चिमी सोच वाली भारतीय महिलाओं की नई पीढ़ी है, जिन्हें मैं ‘जनरेशन गटर’ कहती हूं।

बयान को लेकर बढ़ी राजनीतिक और सामाजिक बहस

कंगना के बयान के बाद सोशल मीडिया पर पक्ष और विपक्ष में प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। वहीं सोनू सूद की टिप्पणी ने इस विवाद को नया आयाम दे दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जो किसी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हों।

 

Related posts

दुर्ग रेलवे स्टेशन में RPF ने पकड़ा टिकट दलाल, मोबाइल पर मिली ग्राहकों की लिस्ट

अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, किया भावुक पोस्ट

भिलाई में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या, आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार