CG Prime News@दिल्ली. IndiGo flight ticket price hike देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। एयरलाइन ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट पर अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है। नई व्यवस्था के तहत घरेलू उड़ानों के किराए में अधिकतम 1,300 तक, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 10,000 तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज जोड़ा जाएगा। नई दरें 6 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे से लागू होंगी।
छह महीने में तीसरी बार बढ़ा फ्यूल सरचार्ज
इंडिगो के मुताबिक, एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह फैसला लिया गया है। एयरलाइन ने पिछले छह महीनों में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे पहले मार्च और अप्रैल 2026 में भी किराए में बढ़ोतरी की गई थी। फ्यूल सरचार्ज की नई व्यवस्था का असर टिकट की अंतिम कीमत पर पड़ेगा। यानी यात्रियों को अब बुकिंग के दौरान पहले की तुलना में अधिक रकम चुकानी पड़ सकती है।
अक्टूबर में ATF की कीमत में बड़ा उछाल
जेट फ्यूल की कीमतों में अक्टूबर की शुरुआत में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमत 121 से बढ़कर 137 प्रति लीटर हो गई। यानी एक महीने में प्रति लीटर करीब 16 की बढ़ोतरी हुई है। पिछले तीन महीनों में भी जेट फ्यूल लगातार महंगा हुआ है। अगस्त में कीमत में 5, सितंबर में 6.28 और अक्टूबर में 16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी बताई गई है। इस तरह तीन महीने में कुल बढ़ोतरी करीब 27.28 प्रति लीटर हो गई।
एयरलाइंस के खर्च में सबसे बड़ी हिस्सेदारी जेट फ्यूल की
एविएशन सेक्टर में ईंधन एयरलाइंस के प्रमुख ऑपरेशनल खर्चों में शामिल है। जेट फ्यूल की कीमत बढ़ने से एयरलाइंस की लागत सीधे प्रभावित होती है। इसका असर टिकट की कीमतों के अलावा कंपनियों के वित्तीय अनुमानों पर भी पड़ सकता है। इंडिगो का कहना है कि हालिया समय में ATF की कीमतों में तेज वृद्धि ने परिचालन लागत पर दबाव बढ़ाया है। इसी वजह से यात्रियों से अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लेने का निर्णय किया गया है। बढ़ती ईंधन लागत का असर दुनियाभर की एयरलाइंस पर भी दिखाई दे रहा है।