भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से बाहर, चोट से लिगामेंट फटा

Oplus_16908288

CG Prime News@दिल्ली. Neeraj Chopra Injury Asian Games 2026 भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उन्होंने शनिवार को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। नीरज ने बताया कि लॉजेन डायमंड लीग में सीजन का बेस्ट थ्रो करने के कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में चोट लग गई। जांच में लिगामेंट फटने की पुष्टि हुई है।

इस चोट के कारण नीरज 5 सितंबर को ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा वे 11 से 13 सितंबर तक बुडापेस्ट में होने वाली पहली वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप से भी बाहर हो गए हैं।

88.05 मीटर के थ्रो से हासिल कर रहे थे लय

नीरज ने कहा कि काफी मेहनत के बाद उन्हें महसूस हो रहा था कि वे अपनी लय हासिल करने के करीब हैं। लॉजेन में 88.05 मीटर का थ्रो भी इसी दिशा में एक सकारात्मक संकेत था। हालांकि, इसके कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान लगी चोट ने उनकी आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी पर ब्रेक लगा दिया।

डायमंड लीग फाइनल के लिए किया था क्वालिफाई

नीरज ने इस सीजन में दो डायमंड लीग मुकाबलों में हिस्सा लिया और दोनों में दूसरे स्थान पर रहे। 19 जून को दोहा और 21 अगस्त को लॉजेन में दूसरे स्थान पर रहने से उन्हें कुल 12 अंक मिले। वे स्टैंडिंग में छठे स्थान पर रहे और ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। अब चोट के कारण वे इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

पीठ की चोट से भी कर रहे थे वापसी

नीरज पिछले साल सितंबर से लोअर बैक इंजरी से परेशान थे। इसी वजह से उनका 2026 सीजन देर से शुरू हुआ। उन्होंने दोहा डायमंड लीग से प्रतिस्पर्धी वापसी की थी। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भी वे पूरी तरह फिट नहीं थे, इसके बावजूद उन्होंने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था। श्रीलंका के रुमेश थरांगा ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड हासिल किया था।

एशियन गेम्स में दो बार जीत चुके हैं गोल्ड

नीरज चोपड़ा ने 2018 जकार्ता और 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। ओलिंपिक में उन्होंने टोक्यो 2021 में गोल्ड और पेरिस 2024 में सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं 2023 बुडापेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर वे एथलेटिक्स में वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।

Related posts

भिलाई, रिसाली और चरोदा नगर निगम के वार्डों का आरक्षण 9 सितंबर को, जानें पूरा शेड्यूल

हरियाणवी सिंगर की हत्या करने वाले दो शूटर्स का पुलिस ने किया एनकाउंटर, दोनों हुए ढेर

छत्तीसगढ़ में ESIC हॉस्पिटल के डॉक्टर ने किया सुसाइड, स्टाफ क्वार्टर में लगाई फांसी