भिलाई। The brother of a CUET candidate was robbed in Supela; the miscreants stabbed him when he resisted and fled. दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक युवक से चाकू की नोक पर लूट और जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। पीड़ित युवक अपनी बहन को सीयूईटी परीक्षा दिलाने बिजापुर से भिलाई आया था। घटना घड़ी चौक के पास हुई, जहां बदमाशों ने पहले नकदी लूटी और फिर मोबाइल छीनने की कोशिश में युवक पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेः स्मृतिनगर चौकी में हंगामा: पुलिस से धक्का-मुक्की के आरोप, 12 लोगों पर केस दर्ज
बहन को परीक्षा दिलाने आया था युवक
पुलिस के मुताबिक, बिजापुर जिले के टेकमेटला उसूर निवासी धर्मेन्द्र गटपल्ली (21) अपनी बहन ज्योति गटपल्ली को भिलाई स्थित संजय रूंगटा कॉलेज में आयोजित सीयूईटी परीक्षा दिलाने लेकर आया था। दोनों शनिवार तड़के सुपेला के घड़ी चौक के पास उतरे थे। इसी दौरान धर्मेन्द्र पास की दुकान से साबुन लेने जा रहा था।
बाइक और स्कूटी सवार बदमाशों ने घेरा
इसी बीच काले रंग की पल्सर बाइक और एक स्कूटी में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने धर्मेन्द्र को चाकू दिखाकर धमकाया और उसकी जेब में रखे 300 रुपए लूट लिए। इसके बाद बदमाश उसका मोबाइल फोन छीनने लगे। जब युवक ने विरोध किया तो एक आरोपी ने चाकू से उसकी बाईं जांघ और घुटने के पीछे हमला कर दिया। बचाव के दौरान उसके हाथ में भी चोट आई।
घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सुपेला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गश्त प्वाइंट के पास वारदात, पुलिस पर सवाल
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल पुलिस गश्त व्यवस्था पर उठ रहा है। जिस घड़ी चौक के पास वारदात हुई, वहां पुलिस गश्त प्वाइंट मौजूद है। इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए और गश्ती टीम को भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय पुलिस टीम सक्रिय रहती तो घटना टाली जा सकती थी।