सुकमा में रिश्वत लेते BEO रंगे हाथ गिरफ्तार, मांगा था 5% कमीशन

सुकमा में10 हजार रुपए रिश्वत लेते BEO रंगे हाथ गिरफ्तार, मांगा था 5% कमीशन

CG Prime News@सुकमा/कोंटा. सुकमा जिले के कोंटा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ACB की टीम ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि उन्होंने एक शिक्षक की पत्नी के करीब 16 लाख रुपए के एरियर्स की फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। यह रकम करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है।

एक महीने से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे शिक्षक

मामला शिक्षक मंगलराम से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक उनकी पत्नी वर्ष 1991 में शिक्षिका के पद पर नियुक्त हुई थीं। लंबे समय से उनका एरियर्स का मामला लंबित था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एरियर्स की राशि करीब 16 लाख रुपए निर्धारित हुई। इसके भुगतान से जुड़ी फाइल पर BEO के हस्ताक्षर जरूरी थे।

शिक्षक के अनुसार वह हस्ताक्षर कराने के लिए करीब एक महीने से BEO कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान अधिकारी पर एरियर्स राशि का 5 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगा। करीब 80 हजार रुपए की मांग से परेशान होकर शिक्षक ने ACB के जगदलपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन के बाद जाल बिछाकर कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने की योजना बनाई। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ACB की टीम तीन-चार वाहनों से कोंटा स्थित BEO कार्यालय पहुंची।

योजना के मुताबिक शिक्षक को 10 हजार रुपए देने के लिए भेजा गया। जैसे ही BEO चंद्र कुमार यारदा ने रकम स्वीकार की, ACB की टीम ने उन्हें मौके पर रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्यालय में दस्तावेज और रिकॉर्ड की जांच

कार्रवाई के दौरान ACB टीम ने BEO कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, रिकॉर्ड और एरियर्स से संबंधित फाइलों की भी जांच की। टीम ने मामले से जुड़े अन्य कागजात खंगाले। देर शाम तक कार्यालय में जांच और कार्रवाई जारी रही।

ACB के मुताबिक शिक्षक मंगलराम की शिकायत के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related posts

पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला 13 साल का बच्चा, अगले दिन पेड़ पर मिली लाश

कॉपर-टी लगाने में लापरवाही, प्रसव के एक महीने बाद महिला की मौत

पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बने अयोध्या राम मंदिर के पहले CEO