रायपुर में DSP से 5 लाख की ठगी, रुपये दोगुना करने का झांसा देकर नकदी लेकर फरार हुए आरोपी

Oplus_16908288

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक उप पुलिस अधीक्षक (DSP) से 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक वकील सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

दो साल की पहचान का उठाया फायदा

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता पुनदास अंचल वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी पहचान पिछले करीब दो वर्षों से नरेश दामोहे से थी। नरेश स्वयं को वकील होने के साथ-साथ फाइनेंस का कारोबार करने वाला बताता था। इसी भरोसे का लाभ उठाकर उसने रुपये दोगुना करने का प्रस्ताव दिया। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने 25 जून को फोन कर कमल विहार स्थित एक अस्पताल के पास बुलाया और कहा कि 5 लाख रुपये निवेश करने पर वह रकम दोगुनी कर बैंक खाते में जमा करा देगा। बाद में उसने अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर मुलाकात का समय बदलता रहा।

कार में रखे सूटकेस से गायब हुए 5 लाख रुपये

रात में आरोपी ने डीएसपी को नेताजी चौक, कटोरा तालाब बुलाया। वहां से सभी लोग इलेवन ग्राउंड पहुंचे। इसी दौरान आरोपी के बुलाने पर कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और आपस में विवाद करने लगे। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने कार में बैठे लोगों को बताया था कि सूटकेस में 5 लाख रुपये रखे हैं और वे बाहर जाकर विवाद देख रहे हैं। कुछ देर बाद जब वे लौटे तो कार सुरक्षित खड़ी थी और मोबाइल सहित अन्य सामान भी मौजूद था, लेकिन सूटकेस में रखी नकदी गायब थी। आरोप है कि मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने रुपये निकाल लिए और फरार हो गए।

एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

Related posts

अमेरिका ने ईरान पर एक घंटे तक किए हवाई हमले, मिसाइल-ड्रोन ठिकाने बने निशाना

सोने-चांदी के भाव में गिरावट जारी, 24 कैरेट सोना 1.40 लाख रुपए हुआ

महाराष्ट्र TET पेपर लीक: परीक्षा से 24 घंटे पहले 4.28 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा स्थगित