पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, पति की सांप से डसवाकर हत्या 

मेरठ में पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, पति की सांप से डसवाकर हत्या 

CG Prime News@मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, एक स्कूल संचालक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर कथित साजिश के तहत कराई। आरोप है कि पत्नी ने पहले पति को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश किया और फिर कमरे में जहरीला करैत सांप छोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कैसे रची गई पूरी साजिश?

पुलिस जांच के मुताबिक, हस्तिनापुर थाना क्षेत्र निवासी स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) की पत्नी दामिनी (30) का स्कूल के वैन ड्राइवर तुषार पायला से प्रेम संबंध था। वारदात वाली रात दामिनी ने कथित रूप से पति को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं। देर रात प्रेमी और दो सपेरों को बुलाया गया, जिन्होंने बिस्तर पर करैत सांप छोड़ दिया। सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई। सुबह दामिनी ने परिजनों को बताया कि पति की मौत सांप के काटने से हुई है। कमरे में सांप और अतुल के पैर पर डसने के निशान मिलने से शुरुआत में मामला सामान्य हादसा प्रतीत हुआ।

मेरठ में पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, पति की सांप से डसवाकर हत्या

पत्नी के बयान से बढ़ा शक

पूछताछ के दौरान दामिनी ने बताया कि वह गर्मी लगने के कारण बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। उसके इस बयान पर परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, जिसमें दामिनी और तुषार के बीच लगातार बातचीत सामने आई।

बीमा राशि और शादी के लिए हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तुषार ने स्वीकार किया कि अतुल उनके रिश्ते में बाधा था। अतुल ने 20 लाख रुपये का बीमा कराया हुआ था। आरोप है कि हत्या के बाद बीमा की रकम हासिल कर दोनों नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे। इसी योजना के तहत कथित तौर पर दो सपेरों को 5 लाख रुपये देने का सौदा किया गया।

पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ समय पहले अतुल को एक कार से टक्कर मारने की कोशिश की गई थी। पुलिस का दावा है कि लंबे समय से उनके खाने में नशीली गोलियां भी मिलाई जा रही थीं, जिससे उनकी तबीयत कई बार बिगड़ी और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

मोबाइल से मिला अहम सुराग

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडेय ने बताया कि सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की जांच से मामले का खुलासा हुआ। तुषार के मोबाइल में डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली, जो घटनास्थल पर मिले सांप से मेल खाती थी। इसके बाद सख्त पूछताछ में साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related posts

सोनम वांगचुक का अस्पताल में दवा लेने से इनकार, पत्नी ने मेडिकल रिपोर्ट पर जताया संदेह

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, बिलासपुर में कॉलोनियों में कमर तक भरा पानी

रायपुर में बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर लगाई फांसी, पांचों की मौत