CG Prime News@दुर्ग. Police destroyed illicit liquor worth 45 lakh in Durg district. दुर्ग जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस और आबकारी विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। जिले के विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम के तहत जब्त की गई 5,480.082 बल्क लीटर अवैध शराब का विधिवत नष्टीकरण किया गया। इस शराब की वर्तमान अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई जामुल थाना परिसर में न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वैधानिक नियमों के तहत संपन्न कराई गई।
112 प्रकरणों की जब्त शराब का किया गया निस्तारण
पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दर्ज 112 आबकारी प्रकरणों में जब्त की गई शराब मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई थी। न्यायालयीन आदेश मिलने के बाद कलेक्टर द्वारा गठित नष्टीकरण समिति के समक्ष पूरी सामग्री प्रस्तुत की गई। समिति की स्वीकृति के बाद वैज्ञानिक एवं सुरक्षित प्रक्रिया अपनाकर शराब का निस्तारण किया गया।
थानों में बदबू से लोगों को हो रही थी परेशानी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से थानों में जब्त शराब रखे होने के कारण तेज बदबू फैल रही थी, जिससे थाना आने वाले आम नागरिकों और कर्मचारियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शराब के निस्तारण का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई
नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, थाना प्रभारी जामुल, नायब तहसीलदार, आबकारी उपनिरीक्षक तथा पुलिस एवं आबकारी विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों के साथ संपन्न हुई। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि वैधानिक प्रावधानों और न्यायालयीन आदेशों का पूर्ण पालन हो।
अवैध उपयोग की संभावना खत्म करने पर जोर
दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी पालन करना, जब्त सामग्री का सुरक्षित निस्तारण करना तथा अवैध शराब के दोबारा उपयोग या दुरुपयोग की किसी भी संभावना को पूरी तरह समाप्त करना है। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी अवैध शराब के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।