CG Prime News@दिल्ली. केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र सरकार के 48 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर दी है। सरकार ने त्योहार से ठीक 10 दिन पहले डीए बढ़ाकर केंद्रीय कर्मचारियों की दिवाली रोशन कर दी है। बुधवार 28 अक्टूबर को कैबिनेट ने नई दरें 1 जुलाई, 2026 से लागू करने को मंजूरी दी है। पिछले महीनों का एरियर भी दिवाली से पहले खाते में भेजा जाएगा।
अप्रैल में बढ़ाया था 2 प्रतिशत DA
बुधवार को हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता यानी DA 63 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार इस पर 10 हजार करोड़ खर्च करेगी। इसके पहले अप्रैल में सरकार ने डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। तब महंगाई भत्ता 60 प्रशित पर पहुंच गया था।
दो बार रिवाइज होता है सालभर में भत्ता
केंद्र सरकार हर साल कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए डीए और DR में दो बार संशोधन करती है। पहला संशोधन आमतौर पर जनवरी से और दूसरा जुलाई से प्रभावी होता है। सरकार ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI-IW) के आंकड़ों के आधार पर महंगाई का आकलन करती है। उसी अनुपात में भत्ते बढ़ाने का निर्णय लेती है।
आप भी जानिए कितनी बढ़ेगी सैलरी
DA बढऩे से सैलरी में बढ़ोतरी बेसिक पे के आधार पर तय होती है। मिनिमम बेसिक सैलरी वालों के लिए: अगर किसी कर्मचारी की बेसिक पे 18,000 है, तो 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के हिसाब से हर महीने 540 रुपए का इजाफा होगा।
हायर पे-स्केल वालों के लिए: अगर किसी वरिष्ठ अधिकारी की बेसिक सैलरी 56,100 है, तो उनकी मासिक सैलरी में लगभग 1,683 की सीधी बढ़ोतरी होगी।
एरियर का भुगतान
चूंकि यह फैसला जुलाई से प्रभावी है, इसलिए कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर महीने का बकाया (Arrears) भी आगामी सैलरी के साथ दिया जाएगा।
महंगाई के हिसाब से मिलता है अलाउंस
DA सरकारी कर्मचारियों के रहन-सहन के खर्च को संतुलित करने के लिए दिया जाने वाला अलाउंस है। यह कर्मचारी की बेसिक सैलरी के प्रतिशत के रूप में तय होता है। वहीं DR रिटायर्ड कर्मचारियों यानी पेंशनर्स को उनकी बेसिक पेंशन पर दिया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य रोजमर्रा की चीजों के बढ़ते दामों के असर को कम करना है।