दुर्ग से निजामुद्दीन के लिए चलेगी दीपावली-छठ स्पेशल ट्रेन

दीपावली और छठ पूजा पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे दुर्ग और हजरत निजामुद्दीन के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाएगा

CG Prime News@दुर्ग. Diwali-Chhath special train to run from Durg to Nizamuddin छत्तीसगढ़ से दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों के लिए त्योहारों के दौरान राहत की खबर है। दीपावली और छठ पूजा पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे दुर्ग और हजरत निजामुद्दीन के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन नवंबर में दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे दुर्ग, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर इस ट्रेन का ठहराव निर्धारित किया गया है।

दुर्ग से 1, 8 और 15 नवंबर को चलेगी ट्रेन

रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल दुर्ग स्टेशन से 1, 8 और 15 नवंबर को रवाना होगी। ट्रेन सुबह 10:45 बजे दुर्ग से प्रस्थान करेगी और 11:20 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर स्टेशन पर पांच मिनट के ठहराव के बाद आगे की यात्रा शुरू करेगी। निर्धारित समय-सारिणी के मुताबिक, ट्रेन अगले दिन सुबह 11:10 बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल 2, 9 और 16 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी। यह ट्रेन मथुरा, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, सागर, दमोह और कटनी मुड़वारा सहित निर्धारित स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

रायपुर में दोपहर 12:10 बजे पहुंचेगी वापसी ट्रेन

वापसी यात्रा के दौरान ट्रेन अगले दिन सुबह 4:18 बजे उमरिया पहुंचेगी। इसके बाद शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड और उसलापुर होते हुए दोपहर 12:10 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर में पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन दोपहर 12:15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होगी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

स्लीपर और AC सहित 20 कोच की सुविधा

रेलवे के मुताबिक, पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो एसएलआरडी, चार जनरल, 11 स्लीपर, दो एसी थर्ड और एक एसी सेकंड श्रेणी का कोच शामिल है। इससे अलग-अलग श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को विकल्प मिलेंगे।

Related posts

भिलाई BJP के पूर्व कोषाध्यक्ष गिरफ्तार, 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी का आरोप

कवर्धा में सराफा कारोबारी से 50 लाख की लूट, 15 किलो चांदी और सोना था बैग में

भिलाई पावर हाउस ओवरब्रिज से गिरकर युवती की मौत, हादसा या सुसाइड जांच में जुटी पुलिस