CG Prime News@कवर्धा. छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा कारोबारी से लाखों रुपये की लूट का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम साप्ताहिक बाजार से बाइक पर लौट रहे कारोबारी को दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास रोक लिया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और सोना-चांदी और कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। कारोबारी ने लूटे गए सामान की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बाजार से लौटते समय कारोबारी को बनाया निशाना
पीड़ित वेदप्रकाश सोनी के मुताबिक, वह अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ दलदली के साप्ताहिक बाजार से शाम करीब 5:35 बजे निकले थे। शाम छह बजे दोनों ने तरेगांव जंगल थाने को पार किया। इसके बाद करीब एक घंटे के भीतर ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोगों ने उन्हें रोक लिया।
कारोबारी के अनुसार, बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और आभूषणों से भरा बैग छीनकर मौके से भाग निकले। घटना के दौरान बैग का पट्टा उनके हाथ में ही रह गया। अचानक हुई इस वारदात के बाद पीड़ित ने तरेगांव जंगल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बैग में 15 किलो चांदी और नकदी होने का दावा
वेदप्रकाश सोनी ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब 15 किलो चांदी के गहने, 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नकद रखे थे। कारोबारी ने इनकी कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई है। पुलिस जांच के दौरान लूटे गए सामान की मात्रा और कीमत से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।
चार थानों की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
SDOP अखिलेश कौशिक के मुताबिक, लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है।
कबीरधाम पुलिस ने साइबर थाना और तीन अन्य थानों की टीमों को भी तलाश में लगाया है। तरेगांव जंगल पुलिस घटनास्थल सहित वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।