BSP में ठेका श्रमिक की मौत, दो अधिकारी, एक ठेकेदार गिरफ्तार

BSP में ठेका श्रमिक की मौत, दो अधिकारी, एक ठेकेदार गिरफ्तार

CG Prime News@भिलाई. Contract worker dies at BSP plant; two officials and one contractor arrested  भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में हुए एक हादसे को लेकर पुलिस ने बीएसपी (Bhilai steel plant) के दो अधिकारियों और एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। मामला भट्ठी थाना का है। थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि यह कार्रवाई ढाई साल पहले हुए एक हादसे को लेकर जुड़ी है।

मुख्य प्रबंधक, शिफ्ट इंचार्ज गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एसएमएस-02 के मुख्य महाप्रबंधक, शिफ्ट इंचार्ज यांत्रिकी और मारूति कंस्ट्रक्शन कंपनी का ठेकेदार शामिल है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 ए और 285 के तहत अपराध दर्ज किया है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार पाए गए बीएसपी SMS-02 के मुख्य महाप्रबंधक सुशांता कुमार घोषाल (56 वर्ष), निवासी क्वार्टर नंबर बीकेडी-21, सेक्टर-09। शिफ्ट इंचार्ज यांत्रिकी धीरेन्द्र कुमार कुशवाहा (30 वर्ष), निवासी क्वार्टर नंबर 06/ए, सड़क-51, सेक्टर-08 और मारूति कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार अभय कुमार (57 वर्ष), निवासी प्लॉट नंबर-9, विद्या विहार, नेहरू नगर पश्चिम, चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला को गिरफ्तार किया है।

ठेका श्रमिक की हुई थी मौत

भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि 25 अप्रैल 2023 को बीएसपी के एसएमएस-02 कंटीन्यूअस कास्टिंग शॉप के कास्टर नंबर-06 में इक्यूपमेंट कूलिंग पाइप लाइन बदलने का कार्य चल रहा था। इस दौरान पाइप शिफ्टिंग के समय वहां मौजूद ज्वलनशील पदार्थ में अचानक आग लग गई। हादसे में मौके पर काम कर रहे चार ठेका श्रमिक राजू तांडी, रमेश मौर्य, अमित सिंह और रंजित सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को उपचार के लिए सेक्टर-09 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान रंजित सिंह की मौत हो गई थी।

प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई थी

घटना के बाद थाना भिलाई भट्ठी में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि यह दुर्घटना सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण हुई। पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि बीएसपी के कारखाना प्रबंधन और संबंधित ठेका कंपनी द्वारा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और उपेक्षापूर्ण तरीके से कार्य कराया जा रहा था, जिसके चलते यह प्राणांतक हादसा हुआ।

Related posts

अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन, कैंसर से जंग ली अंतिम सांस

दुर्ग सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

भिलाई में वाहन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 3 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद