दुर्ग जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंची कलेक्टर, OPD में देर से पहुंचने पर कर्मचारी को लगाई जमकर फटकार

CG Prime News@. दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने शनिवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही प्रस्तावित नव निर्माण कार्यों पर संबंधित एजेंसी और अस्पताल प्रबंधन से चर्चा की। उन्होंने मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बदलावों के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी और आपातकालीन विभाग का दौरा किया। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में साफ-सफाई और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर संतोष व्यक्त किया।

कलेक्टर ने अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया और ड्यूटी चार्ट की समीक्षा की। ओपीडी के निरीक्षण के दौरान कर्मचारी के देर से आने पर उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस तरह की लापरवाहियों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।

आईसीयू का दौरा करते हुए कलेक्टर ने डॉक्टरों और स्टाफ से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं के बारे में जाना। उन्होंने आश्वासन दिया कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मनोज दानी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार